Sep 04, 2026

भाजपा का महामंथन: 2027 की जीत का मंत्र देंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

post-img

हल्द्वानी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कुमाऊं के द्वार कहे जाने वाले हल्द्वानी में एक बड़ा राजनीतिक मंच सजाने जा रही है। आगामी 10 सितंबर को हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक का सबसे बड़ा आकर्षण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी होगी। वे न केवल कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मूल मंत्र देंगे, बल्कि कुमाऊं मंडल में दो प्रमुख जन सम्मेलनों को भी संबोधित करेंगे।

सूबे में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है। हल्द्वानी में 9 और 10 सितंबर को भाजपा की अहम संगठनात्मक बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने का संदेश देंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और पार्टी ने कार्यक्रमों की तैयारियां तेज कर दी हैं। हल्द्वानी में 10 सितंबर को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे एक दिन पहले यानी 9 सितंबर को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठकों का दौर शुरू होगा। संगठनात्मक गतिविधियों के साथ चुनावी तैयारियों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की संभावना है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 9 सितंबर को दोपहर तीन बजे हल्द्वानी में राज्य कार्यसमिति की बैठक होगी। इसके बाद शाम पांच बजे वे राज्य पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। संगठन की जमीनी स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर इस बैठक में चर्चा हो सकती है। इसी दिन शाम सात बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे। लगातार होने वाली इन बैठकों को संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व चुनाव से पहले संगठन की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकता है। 10 सितंबर को सुबह 10 बजे हल्द्वानी में सेवा संकल्प अभियान की बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद दोपहर 12 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सैनिक सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। पूर्व सैनिकों से संवाद के इस कार्यक्रम को भी पार्टी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनके दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति मिलेगी। हल्द्वानी के कार्यक्रमों के बाद नितिन नवीन रुद्रपुर में दोपहर 2:45 बजे पंजाबी गौरव सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के जरिए भी पार्टी विभिन्न सामाजिक समूहों से संवाद को मजबूत करने का प्रयास करेगी। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी मंथन होने की संभावना है। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर दिशा तय की जा सकती है। भाजपा के लिए हल्द्वानी में होने वाली ये बैठकें इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कवायद तेज होनी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में होने वाले मंथन से प्रदेश संगठन को चुनावी तैयारियों के लिए स्पष्ट दिशा मिलने की उम्मीद है। फिलहाल भाजपा प्रदेश संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटा है और हल्द्वानी में पार्टी गतिविधियां तेज हो गई हैं।